शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति और सास-ससुर पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि विवाह के करीब पांच साल बाद से ससुराल पक्ष लगातार मायके से तीन लाख रुपए लाने का दबाव बना रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और घर से निकाल दिया गया। इसके बाद से पीड़िता अपने मायके बदरवास में रह रही थी।
कपड़े लेने पहुंची विवाहिता से मारपीट, पेट और हाथ में आई चोटें
पीड़िता निशा बैरागी ने पुलिस को बताया कि शनिवार 10 मई 2026 की सुबह वह अपने पिता भरतदास बैरागी और रिश्तेदार देवकीनंदन के साथ ग्राम चन्दौरिया स्थित ससुराल अपने कपड़े लेने पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान पति विनोद बैरागी, ससुर वंशीदास बैरागी और सास आशा बैरागी ने उसके साथ मारपीट की। घटना में निशा के पेट और बाएं हाथ में चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़िता ने बदरवास थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है।







