छिंदवाड़ा जिले में बुधवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्दनाक जल हादसों ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। इन घटनाओं में चार किशोर पानी में डूब गए, जिनमें अब तक दो के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। पुलिस, प्रशासन और स्थानीय गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
पहली घटना चौरई थाना क्षेत्र के बेलखेड़ा स्थित घोघरा वॉटरफॉल की है। यहां घूमने पहुंचे दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। डूबने वालों की पहचान 14 वर्षीय गौरव डेहरिया और 17 वर्षीय विनायक गुप्ता के रूप में हुई है। दोनों किशोर अपनी बहनों के साथ वॉटरफॉल घूमने आए थे।
जानकारी के मुताबिक, दोनों पानी के किनारे रील बना रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे गहराई में चले गए और देखते ही देखते पानी में डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही चौरई पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश देर शाम तक जारी रही।
इस हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है। लगातार हो रहे जल हादसों के बीच प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश और वॉटरफॉल क्षेत्रों में सावधानी बरतें और खतरनाक जगहों पर रील या वीडियो बनाने से बचें।







