तमिलनाडु की राजनीति में देर रात बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने विजय के नेतृत्व वाली TVK सरकार को समर्थन देने का फैसला कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार देर रात तमिलनाडु कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया।
यह बैठक ऑनलाइन आयोजित की गई, जिसमें दिल्ली से कई वरिष्ठ नेता भी जुड़े। पार्टी ने साफ किया है कि तमिलनाडु का जनादेश एक सेक्युलर सरकार के पक्ष में है और वह किसी भी स्थिति में भारतीय जनता पार्टी या उसके सहयोगियों को सत्ता में आने से रोकना चाहती है।
इससे पहले विजय ने सरकार गठन के लिए कांग्रेस से औपचारिक समर्थन मांगा था। 234 सदस्यीय विधानसभा में TVK ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल किया है, लेकिन बहुमत के लिए उसे अभी 11 विधायकों की जरूरत है।
वर्तमान आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस के पास 5 सीटें हैं, जबकि पट्टाली मक्कल काची के 4 विधायक हैं। इसके अलावा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) को 2-2 सीटें मिली हैं, जो इस समीकरण को और दिलचस्प बनाती हैं।
वहीं विपक्षी खेमे में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम ने 59 सीटें और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम ने 47 सीटें जीती हैं। कांग्रेस के इस कदम से अब विजय के लिए सरकार गठन का रास्ता आसान होता दिख रहा है। तमिलनाडु की राजनीति में आने वाले दिनों में नए गठबंधन और समीकरण देखने को मिल सकते हैं।







