इंदौर में आज एक बार फिर सियासी तनाव उभरकर सामने आया, जब भारतीय जनता युवा मोर्चा और कांग्रेस युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के बीच प्रदर्शन हिंसक मोड़ ले गया। मौके पर तैनात पुलिस ने दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन तनाव इतना बढ़ गया कि हालात बेकाबू हो गए। दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। पानी की बोतलें, तेल की थैलियां, पत्थर, और यहां तक कि संतरे और टमाटर भी हवा में उड़ने लगे। भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस को वॉटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। हिंसक पथराव के दौरान सब इंस्पेक्टर आरएस बघेल घायल हो गए। उनके सीने पर एक बड़ा पत्थर लगा, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। घटना ने शहर में तनाव और बढ़ा दिया। जानकारी के अनुसार, यह घटना दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा द्वारा गांधी भवन पर इंदौर कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने के प्रयास के दौरान हुई। पुलिस ने समय रहते बैरिकेडिंग कर स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन दोनों पक्षों के उग्र प्रदर्शन ने माहौल को नियंत्रण से बाहर कर दिया।







