एएसआई की नई गाइडलाइन लागू होने के बाद धार की ऐतिहासिक भोजशाला में रविवार सुबह भक्ति और उल्लास का अनोखा संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में हिंदू श्रद्धालु मां वाग्देवी के चित्र लेकर भोजशाला पहुंचे, जहां विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की गई। गर्भगृह को रंगोली से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जबकि पूजा से पहले पूरे परिसर को गोमूत्र से शुद्ध किया गया। सूर्योदय के साथ ही श्रद्धालुओं की आस्था चरम पर दिखाई दी और कई भक्त खुशी में नृत्य करते नजर आए।
ज्योति मंदिर की अखंड ज्योत पहुंची गर्भगृह, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
भोजशाला परिसर के बाहर स्थित ज्योति मंदिर की अखंड ज्योत को भी विशेष रूप से गर्भगृह में स्थापित किया गया। शनिवार शाम केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और संत महामंडलेश्वर निसर्ग दास जी महाराज भी पूजा-अर्चना के लिए भोजशाला पहुंचे थे। वहीं कलेक्टर राजीव रंजन मीना और एसपी सचिन शर्मा ने भी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पूजा की। मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि पहले शुक्रवार को यहां तनाव का माहौल रहता था, लेकिन अब हालात सामान्य हैं और श्रद्धालु कभी भी दर्शन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोजशाला को और बेहतर तरीके से विकसित करने की बात कही है, ताकि देशभर से लोग यहां आकर मां वाग्देवी का आशीर्वाद प्राप्त कर सकें।







