मध्य प्रदेश में बस से सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश सरकार ने बस किराए में बढ़ोतरी का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं, जिसके बाद लंबी दूरी की यात्रा अब यात्रियों की जेब पर भारी पड़ने वाली है।
परिवहन विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक बस किराए में प्रति किलोमीटर 75 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। अब बस ऑपरेटर यात्रियों से अधिकतम 2 रुपए प्रति किलोमीटर तक किराया वसूल सकेंगे। इस फैसले का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ेगा जो रोजाना या अक्सर लंबी दूरी की यात्रा करते हैं।
मध्य प्रदेश बस ओनर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष वीरेंद्र साहू का कहना है कि नई दरों के लागू होने के बाद पहले जहां किसी रूट का किराया करीब 400 रुपए था, वहीं अब यात्रियों को उसी सफर के लिए 600 से 700 रुपए तक चुकाने पड़ सकते हैं। यानी कई रूटों पर किराए में 55 से 60 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
बस ऑपरेटरों का कहना है कि डीजल, स्पेयर पार्ट्स, मेंटेनेंस और कर्मचारियों के बढ़ते खर्च को देखते हुए किराया बढ़ाना जरूरी हो गया था। वहीं दूसरी ओर यात्रियों का कहना है कि पहले से महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों के लिए यह फैसला आर्थिक बोझ बढ़ाने वाला साबित होगा।
अब सवाल यह है कि क्या किराया बढ़ने के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं भी मिलेंगी, या फिर सिर्फ उनकी जेब पर ही अतिरिक्त बोझ पड़ेगा? आने वाले दिनों में सरकार और परिवहन विभाग की इस नई व्यवस्था पर यात्रियों की प्रतिक्रिया और बस संचालकों की कार्यप्रणाली पर सभी की नजरें बनी रहेंगी।







