महाकाल दरबार में श्रद्धा के नाम पर बड़ा खेल सामने आया है। श्री महाकालेश्वर मंदिर की विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती में प्रवेश दिलाने के नाम पर श्रद्धालुओं से अवैध वसूली का मामला उजागर हुआ है। मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक के तड़के हुए औचक निरीक्षण में तीन श्रद्धालुओं ने खुलासा किया कि उनसे प्रति व्यक्ति 2500 रुपये लेकर आरती की अनुमति दिलाई गई। शिकायत मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई। महाकाल थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और अब यह पता लगाया जा रहा है कि आस्था के नाम पर वसूले गए ये पैसे आखिर किसके पास पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक एक हिंदू संगठन के नाम पर प्रोटोकॉल अनुमति कराई गई थी, लेकिन इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी परतें अब खुलनी शुरू हो गई हैं। महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़ करने वालों पर प्रशासन का शिकंजा कसता नजर आ रहा है।







