ओडिशा के पारादीप तट से करीब 240 समुद्री मील दूर बंगाल की खाड़ी में एक बड़ा हादसा सामने आया है। शनिवार को MV Ocean Winner नाम का मालवाहक जहाज समुद्र में डूब गया। जहाज पर कुल 24 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें से दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि बाकी 22 लोगों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पनामा के झंडे वाला यह जहाज ओडिशा से लौह अयस्क लेकर सिंगापुर के लिए रवाना हुआ था। जहाज शुक्रवार को ओडिशा तट से निकला था, लेकिन इसके बाद बंगाल की खाड़ी में यह हादसा हो गया।
जहाज के क्रू में 20 चीनी नागरिक, 3 म्यांमार के नागरिक और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल था। हादसे की सूचना मिलते ही इंडियन कोस्ट गार्ड और इंडियन नेवी ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया।
रेस्क्यू टीम समुद्र में लापता क्रू सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। खराब समुद्री परिस्थितियों के बीच यह अभियान चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है, लेकिन एजेंसियां लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
फिलहाल जहाज के डूबने की असली वजह सामने नहीं आई है। क्या जहाज में तकनीकी खराबी आई, मौसम खराब हुआ या फिर कोई अन्य कारण रहा, इसकी जांच की जा रही है।
सबसे बड़ा सवाल अब यही है कि समुद्र में लापता 22 लोगों का क्या हुआ? हर गुजरते घंटे के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद अहम होता जा रहा है। भारतीय एजेंसियां लापता क्रू सदस्यों को खोजने के लिए पूरी ताकत से अभियान चला रही हैं।







