छतरपुर से एक दर्दनाक और रहस्यमयी मामला सामने आया है। बैंक में नौकरी करने वाली एक युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई है। युवती 4 जून को अपने किराए के कमरे में फंदे पर लटकी मिली थी। स्थानीय लोगों ने उसे समय रहते नीचे उतारा, तब उसकी सांसें चल रही थीं। गंभीर हालत में पहले छतरपुर और फिर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां कई दिनों तक जिंदगी और मौत की जंग लड़ने के बाद गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया।
घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार और रिश्तेदारों का कहना है कि युवती के मोबाइल फोन में इस पूरे मामले का राज छिपा हो सकता है। मामेरा भाई का दावा है कि मोबाइल की जांच से मौत के पीछे की असली वजह सामने आएगी। पुलिस अब फोन डेटा, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच में जुटी है। आखिर यह आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई और कहानी छिपी है, इसका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा।







