सागर के शाहपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में शराब माफियाओं की मारपीट से घायल दूसरे युवक ने भी रविवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने शाहपुर चौकी प्रभारी को हटाने की भी मांग उठाई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात वार्ड क्रमांक-7 शाहपुर निवासी नीरज प्रजापति (38) अपने साथी सूरज अहिरवार (40) के साथ गढ़ाकोटा से बिजली फिटिंग का सामान लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक बोलेरो वाहन में सवार 10 से 12 लोगों ने उन्हें रोककर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनमें से एक की पहले ही मौत हो चुकी थी और अब दूसरे ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश तेज कर दी है।







