कर्मचारी की शिकायत के बाद बाणगंगा पुलिस ने दर्ज किया मारपीट का केस
इंदौर में रौब और रसूख का नशा एक बार फिर कानून से टकरा गया। कन्फेक्शनरी कारोबारी दीपक दरियानी के बेटे संस्कार दरियानी के खिलाफ बाणगंगा पुलिस ने मारपीट का केस दर्ज कर लिया है। मामला शनिवार सुबह का है, जब आशा कन्फेक्शनरी में वेतन को लेकर ऐसा हंगामा हुआ कि दुकान मिठाई की नहीं, बल्कि दबंगई की दुकान बन गई।
कर्मचारी पुरुषोत्तम इंगले का आरोप है कि उसने सिर्फ अपना मेहनताना मांगा था। लेकिन लगता है कि कुछ लोगों को मजदूर की मेहनत की कीमत देना अपनी शान के खिलाफ लगता है। बात बढ़ी और आरोप है कि संस्कार दरियानी ने गुस्से में आकर कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी।
अब सवाल यही है कि क्या शहर में पैसा और पहचान रखने वालों को कानून से ऊपर समझने की बीमारी लग गई है? वेतन मांगना क्या अब जुर्म हो गया है… या फिर कर्मचारियों को उनका हक मांगने से पहले सौ बार सोचना पड़ेगा?
पुरुषोत्तम इंगले की शिकायत के बाद बाणगंगा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेकिन शहर में चर्चा यही है कि जब मालिक के बेटे का गुस्सा मजदूर पर टूटता है, तो इंसाफ की मिठास कितनी जल्दी मिलती है… ये देखना अभी बाकी है।







