इंदौर में लगातार गहराते जल संकट को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने राजबाड़ा पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। शहर के अलग-अलग इलाकों से पहुंचे रहवासी, महिलाएं और कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। पूरा राजबाड़ा “पानी दो”, “महापौर इस्तीफा दो” और “महापौर मुर्दाबाद” के नारों से गूंज उठा। प्रदर्शन के दौरान माहौल पूरी तरह गरमाया रहा और प्रशासन भी अलर्ट मोड पर दिखाई दिया। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि आसपास की इमारतों की छतों से भी पुलिस लगातार निगरानी करती रही।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंच से भाजपा सरकार, महापौर, पार्षदों, विधायकों और यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इंदौर की जनता साफ पानी के लिए तरस रही है और जहरीला पानी पीने को मजबूर है। पटवारी ने दावा किया कि कांग्रेस अगले तीन दिनों में शहर के पानी की गुणवत्ता और जल संकट को लेकर अपनी विस्तृत रिपोर्ट जनता के सामने पेश करेगी।







