मध्यप्रदेश के जबलपुर से तीन तलाक से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति पर तीन तलाक देकर घर से निकालने और दूसरी महिला से निकाह करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, गढ़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली तस्लीम ने पुलिस को बताया कि करीब तीन साल पहले उसका निकाह बड़े मदार छल्ला निवासी मोहम्मद शहनवाज से हुआ था। शादी के शुरुआती दिनों में दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद पति का व्यवहार बदलने लगा। महिला का आरोप है कि उसका पति देर रात घर लौटता था और सवाल पूछने पर उसके साथ मारपीट करता था।
पीड़िता का कहना है कि कुछ महीने पहले उसे पति के किसी दूसरी महिला से संबंध होने की जानकारी मिली। शुरुआत में वह कभी-कभी उस महिला के पास जाता था, लेकिन बाद में अक्सर वहीं रहने लगा और कई रातें भी वहीं बिताने लगा। इसी बात को लेकर पिछले एक सप्ताह से दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था।
महिला का आरोप है कि विवाद के दौरान उसके पति ने तीन तलाक बोलकर उसे घर से निकाल दिया। इतना ही नहीं, उसने यह भी दावा किया कि पति ने दूसरी महिला से निकाह कर लिया है। पीड़िता का कहना है कि इस पूरे मामले में पति के परिवार के अन्य सदस्य भी उसका साथ दे रहे हैं और उसे न्याय नहीं मिलने दे रहे।
फिलहाल महिला की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच में सामने आने वाले तथ्यों तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अब इस मामले में जांच के बाद सच्चाई क्या सामने आती है और पीड़िता को कितना न्याय मिल पाता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।







