ग्वालियर के एसपी कार्यालय परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। महिला जैसे ही आग लगाने की तैयारी करने लगी, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोक लिया और बड़ा हादसा टाल दिया। महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि महिला पुरानी छावनी थाना क्षेत्र की रहने वाली है। महिला का आरोप है कि उसकी बहन ने उसके साथ धोखाधड़ी की है और लंबे समय से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। महिला का कहना है कि उसने कई बार शिकायत की, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। इसी से परेशान होकर वह एसपी कार्यालय पहुंची और आत्मदाह जैसा खतरनाक कदम उठाने का प्रयास किया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और महिला के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा होने से बच गया।







