मध्य प्रदेश में मानसून अब पूरी रफ्तार पकड़ता नजर आ रहा है। सोमवार को इंदौर समेत 12 जिलों में झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, तो खेतों में भी पानी जमा होने से किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई।
महू का प्रसिद्ध पातालपानी झरना बारिश के बाद अपने पूरे शबाब पर दिखाई दिया। झरने का मनमोहक नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे हैं। वहीं इंदौर, देवास, छिंदवाड़ा, बालाघाट, शिवपुरी, जबलपुर, खरगोन, राजगढ़, सीधी, खंडवा और सीहोर में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली।
देवास में तेज आंधी के बाद करीब आधे घंटे तक बारिश हुई, जबकि छिंदवाड़ा में गरज-चमक के साथ जोरदार बरसात देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार बालाघाट में सबसे अधिक डेढ़ इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। शिवपुरी और जबलपुर में भी अच्छी बारिश हुई है।
हालांकि प्रदेश के सभी हिस्सों में राहत नहीं पहुंची है। अब भी करीब 40 जिलों में मानसून का इंतजार बना हुआ है। इसका असर तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है। खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नौगांव और ग्वालियर में भी पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मानसून और सक्रिय हो सकता है, जिससे प्रदेश के बाकी जिलों में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है।
फिलहाल इंदौर और आसपास के इलाकों में बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन जिन जिलों में मानसून अभी तक नहीं पहुंचा है, वहां लोग आसमान की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं।







