भिंड के यदुनाथ कॉलेज परीक्षा केंद्र से सामने आई तस्वीरों ने परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय की पीजीडीसीए और डीसीए परीक्षा में कथित तौर पर खुलेआम मोबाइल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल कर नकल की जा रही थी।
दैनिक भास्कर की पड़ताल में सामने आए वीडियो में परीक्षार्थी मोबाइल फोन पर ChatGPT, Gemini और Google की मदद से प्रश्नों के उत्तर खोजते दिखाई दे रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि परीक्षा हॉल में प्रतिबंधित होने के बावजूद मोबाइल आसानी से छात्रों तक पहुंच गए और जवाब सीधे आंसर शीट में उतारे जाते रहे।
वीडियो में कई छात्र आंसर शीट से ज्यादा मोबाइल स्क्रीन पर नजरें गड़ाए दिखाई देते हैं। इस खुलासे ने परीक्षा की निष्पक्षता, निगरानी व्यवस्था और केंद्र प्रबंधन की भूमिका पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें इस बात पर हैं कि विश्वविद्यालय और प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।







