भारत ए और श्रीलंका ए के बीच दांबुला में खेले गए मुकाबले का रोमांच अब विवाद में बदल गया है। मैच टाई होने के बाद सुपर ओवर में श्रीलंका ए ने जीत दर्ज की, लेकिन मुकाबले के बाद मैदान पर जो हुआ, उसने क्रिकेट जगत का ध्यान खींच लिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, युवा भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंकाई खिलाड़ी से कहासुनी हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान वैभव ने खिलाड़ी को धक्का भी दिया। इस घटना के बाद मैच रेफरी प्रदीप जयप्रकाश ने दोनों क्रिकेट बोर्डों को अपनी रिपोर्ट भेजी है और वैभव पर जुर्माना लगाने की सिफारिश की है।
वहीं भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा भी कार्रवाई की जद में आ गए हैं। बताया जा रहा है कि मैच टाई होने के बाद सुपर ओवर को लेकर उन्होंने अंपायरों से बहस की थी। रेफरी ने उनकी मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाने की अनुशंसा की है।
सिर्फ भारतीय खिलाड़ी ही नहीं, श्रीलंका ए के विशेन हलामबागे और विकेटकीपर निरोशन डिकवेला पर भी अनुशासनहीनता के आरोप लगे हैं। हलामबागे पर 50 प्रतिशत और डिकवेला पर 20 प्रतिशत मैच फीस जुर्माने की सिफारिश की गई है। डिकवेला पर स्लेजिंग करने का आरोप है।
अब सभी की नजरें संबंधित क्रिकेट बोर्डों और टूर्नामेंट की अनुशासन समिति पर टिकी हैं, जो इस मामले में अंतिम फैसला सुनाएगी। सवाल यह है कि क्या युवा खिलाड़ियों का जोश खेल भावना पर भारी पड़ रहा है, या फिर मैदान पर बढ़ता दबाव ऐसे विवादों को जन्म दे रहा है? फिलहाल, सुपर ओवर का यह मुकाबला खत्म हो चुका है, लेकिन उससे जुड़ा विवाद अभी जारी है।







