राजस्थान और मध्यप्रदेश पुलिस से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। राजस्थान के झालावाड़ जिले में कोर्ट के आदेश पर मध्यप्रदेश के दो थाना प्रभारियों समेत करीब 100 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामला जनवरी 2026 में घाटाखेड़ी गांव में की गई उस कार्रवाई से जुड़ा है, जिसमें पुलिस ने ड्रग्स फैक्ट्री पकड़ने और भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद करने का दावा किया था।
चौमहला कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए और इसे संदिग्ध मानते हुए केस दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद डग थाने में आगर कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय, बड़ौद थाना प्रभारी रूप सिंह सहित कई पुलिस अधिकारियों और अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।
दरअसल, आगर पुलिस ने पहले एक आरोपी को एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ के आधार पर घाटाखेड़ी गांव में दबिश देकर ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री पकड़ने का दावा किया गया था। लेकिन अब कोर्ट के आदेश के बाद पूरी कार्रवाई जांच के घेरे में आ गई है। मामले ने दोनों राज्यों की पुलिस व्यवस्था और NDPS कार्रवाई की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







