फिरोजाबाद से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत की यात्रा के दौरान शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक मोहन भागवत कानपुर से नई दिल्ली जा रहे थे और शताब्दी एक्सप्रेस के एग्जीक्यूटिव क्लास E-1 कोच में सवार थे। ट्रेन जब मक्खनपुर और फिरोजाबाद के बीच पहुंची, तभी अचानक एक पत्थर उनकी बोगी से टकराया। पत्थर लगते ही खिड़की का शीशा टूट गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में मोहन भागवत पूरी तरह सुरक्षित हैं। सुरक्षा कारणों से ट्रेन को बीच रास्ते में नहीं रोका गया और सीधे टूंडला जंक्शन तक ले जाया गया।
जैसे ही ट्रेन टूंडला स्टेशन पहुंची, रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारी भारी सुरक्षा बल के साथ मौके पर तैनात हो गए। बोगी की जांच की गई और सुरक्षा घेरा और सख्त कर दिया गया। इसके बाद ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।
घटना के बाद आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीमों ने रेल ट्रैक के आसपास सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। फिलहाल जांच जारी है कि यह महज शरारत थी या फिर किसी बड़ी साजिश के तहत संघ प्रमुख की बोगी को निशाना बनाया गया।







