शिवपुरी जिले की चर्चित यूट्यूबर रचना गुर्जर के घर हुई लाखों की चोरी ने सोशल मीडिया की दुनिया को भी सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। सोने-चांदी और नकदी के साथ रील्स बनाकर चर्चा में रहने वाली रचना के घर बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि देर रात चोर बाउंड्री की तार फेंसिंग काटकर घर में दाखिल हुए। सबसे पहले उन्होंने रचना और उनके पति ऊदल सिंह गुर्जर के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि किसी को भनक न लग सके। इसके बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का रुख बदल दिया और आराम से नकदी व सोने-चांदी के जेवर समेटकर फरार हो गए।
चोरी गए सामान की कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि सोशल मीडिया पर दिखाई जाने वाली आलीशान लाइफस्टाइल और महंगे गहनों ने बदमाशों को घर तक पहुंचने का सुराग दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। यह घटना एक बार फिर सोशल मीडिया पर निजी संपत्ति और जीवनशैली के प्रदर्शन को लेकर नई बहस छेड़ रही है।







