आईपीएल ट्रॉफी जीतने के महज दो दिन बाद भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ आध्यात्मिक नगरी वृंदावन पहुंचे। मंगलवार सुबह दोनों ने प्रसिद्ध केली कुंज आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। खास बात यह रही कि विराट और अनुष्का आश्रम में नंगे पैर पहुंचे और पूरे श्रद्धाभाव के साथ संत के सानिध्य में समय बिताया।
सुबह करीब 7 बजे वृंदावन पहुंचे इस चर्चित दंपति का आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्यों ने स्वागत किया। चेहरे पर मास्क लगाए विराट और अनुष्का सीधे आश्रम के भीतर गए, जहां उन्होंने करीब दो घंटे तक सत्संग और आध्यात्मिक चर्चा में हिस्सा लिया। आश्रम से बाहर निकलते समय विराट के माथे पर चंदन और त्रिपुंड साफ नजर आया, जबकि उनके हाथ में एक धार्मिक पुस्तक भी दिखाई दी।
गौरतलब है कि विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने हाल ही में आईपीएल का लगातार दूसरा खिताब अपने नाम किया है। जीत की खुशी के बीच विराट का यह आध्यात्मिक दौरा चर्चा का विषय बन गया है। इससे पहले भी अक्षय तृतीया के अवसर पर 20 अप्रैल को विराट और अनुष्का वृंदावन पहुंचकर संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन कर चुके हैं। एक बार फिर दोनों का आश्रम पहुंचना उनकी आध्यात्मिक आस्था और संतों के प्रति श्रद्धा को दर्शाता है।







