मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक मां ने अपनी तीन मासूम बेटियों को कीटनाशक पिला दिया और फिर खुद भी जहर निगल लिया। इस दर्दनाक घटना में मां समेत चारों की मौत हो गई। मामला ब्यौहारी क्षेत्र के हिरवार गांव का है।
जानकारी के मुताबिक, 32 वर्षीय अनिता सिंह घर में अपनी तीन बेटियों रितिका, कृष्णकुमारी और अर्पिता के साथ मौजूद थी। इसी दौरान उसने पहले बेटियों को कीटनाशक खिलाया और फिर खुद भी जहरीला पदार्थ निगल लिया। कुछ देर बाद बड़ी बेटी रितिका किसी तरह घर से बाहर निकली और पड़ोसियों को आवाज लगाकर पूरी घटना की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। पड़ोसी तत्काल चारों को लेकर ब्यौहारी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने अनिता और उसकी दो छोटी बेटियों को मृत घोषित कर दिया। वहीं बड़ी बेटी रितिका ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि मृतका का पति पेशे से ड्राइवर है और काम के सिलसिले में दूसरे शहर गया हुआ था। घटना के समय घर में केवल मां और उसकी बेटियां ही मौजूद थीं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आखिर ऐसी कौन सी परिस्थितियां थीं, जिन्होंने एक मां को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया, इसका जवाब तलाशा जा रहा है।
फिलहाल पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।







