पश्चिम बंगाल में चुनावी हिंसा की आग एक बार फिर भड़कती नजर आ रही है। टीएमसी सांसद और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर दक्षिण में कथित हमला होने से सियासी माहौल गरमा गया है।
बताया जा रहा है कि अभिषेक बनर्जी चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ित टीएमसी कार्यकर्ताओं और मृतक कार्यकर्ता के परिवार से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद भाजपा समर्थकों ने उनका विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और आरोप है कि अभिषेक बनर्जी को घेरकर उनके ऊपर पत्थर, जूते और अंडे फेंके गए। इस दौरान उनकी शर्ट भी फट गई।
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि सुरक्षा कर्मियों को अभिषेक बनर्जी को हेलमेट पहनाकर वहां से बाहर निकालना पड़ा। घटना के बाद टीएमसी ने भाजपा पर लोकतंत्र की हत्या और राजनीतिक हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है।
वहीं अभिषेक बनर्जी ने कहा कि वह इस मामले को सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएंगे और संसद में विशेषाधिकार हनन का नोटिस भी देंगे। उन्होंने साफ कहा कि जब तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंचेगी, वह पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ेंगे, क्योंकि उन्हें परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है।
अब इस घटना ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया बवाल खड़ा कर दिया है और दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।







