केरल की राजनीति में बुधवार को उस वक्त बड़ा हंगामा खड़ा हो गया, जब प्रवर्तन निदेशालय यानी ED की टीम पूर्व मुख्यमंत्री पिनारई विजयन के घर छापेमारी करने पहुंची। तिरुवनंतपुरम के बेकरी जंक्शन स्थित आवास पर ED की 12 सदस्यीय टीम मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के लिए पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई विजयन की बेटी टी वीना की कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ से जुड़े संदिग्ध लेन-देन मामले में की गई। जांच एजेंसी का आरोप है कि कंपनी को CMRL से करीब 1 करोड़ 72 लाख रुपए मिले, लेकिन बदले में कोई सेवा नहीं दी गई। इसी को लेकर ED ने मनी लॉन्ड्रिंग जांच शुरू की है।
रेड की खबर फैलते ही CPI समर्थकों की भारी भीड़ विजयन के घर के बाहर जमा हो गई। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि ED अधिकारियों के बाहर निकलते समय उनकी गाड़ियों पर पत्थर और बोतलों से हमला किया गया। कई वाहनों के शीशे टूट गए और लाठी से भी हमला किए जाने की खबर सामने आई है।
इस पूरे घटनाक्रम ने केरल की राजनीति में नया तूफान खड़ा कर दिया है। विपक्ष इसे भ्रष्टाचार का बड़ा मामला बता रहा है, जबकि वामपंथी दल इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दे रहे हैं। मामले की जांच अब ED के साथ-साथ SFIO भी कर रहा है, जिससे आने वाले दिनों में यह विवाद और गरमा सकता है।







