नर्मदापुरम जिले के नहारकोला गांव में शादी समारोह के दौरान हुए दोहरे हत्याकांड और पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी लोकेश कीर को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 20 हजार रुपए का इनामी आरोपी पिछले 8 दिनों से नर्मदापुरम और हरदा जिले की सीमा से लगे जंगलों में छिपा हुआ था।
शनिवार रात पुलिस की करीब 50 सदस्यीय स्पेशल टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की। खुद को घिरा देख आरोपी भागने लगा और बचने के लिए ऊंचाई से छलांग लगा दी। इस दौरान उसके पैरों में गंभीर चोट आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, इस पूरे ऑपरेशन का खुलासा रविवार को एसपी द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में किया जाएगा।
घटना 19 अप्रैल की रात की है, जब नहारकोला गांव में भगवान कीर की शादी चल रही थी। मंडप में भोजन के दौरान मामूली विवाद अचानक हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि लोकेश कीर और उसके पिता अमर सिंह कीर ने तलवार, चाकू और डंडों से लोगों पर हमला कर दिया।
हमले में जो भी सामने आया, उसे बख्शा नहीं गया। इस खूनी घटना में दौलतराम कीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके जीजा जयनारायण कीर ने इलाज के दौरान तीसरे दिन दम तोड़ दिया। इसके अलावा हरिनारायण और क्षमा नामक महिला सहित पांच अन्य लोग घायल हो गए।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी के पिता सहित अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।







