भिंड के अटेर थाना क्षेत्र में 9 अप्रैल की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। चंबल के बीहड़ों से घिरे सुनसान रास्ते पर एक पत्नी ने अपने ही पति की हत्या की साजिश रच डाली।
पुलिस के अनुसार, नीलेश जाटव अपनी पत्नी रूबी और तीन साल की बेटी के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। रास्ते में रूबी ने पहले ही अपने प्रेमी विशाल जाटव को लोकेशन और समय भेज दिया था। जैसे ही वे रमटा गांव के पास पहुंचे, योजना के मुताबिक रूबी ने अपना पर्स सड़क पर गिरा दिया और पति से बाइक रोकने को कहा।
नीलेश जैसे ही पर्स उठाने के लिए नीचे उतरा, रूबी बेटी को लेकर किनारे हट गई—यही हमले का तय इशारा था। पीछे से आए हमलावरों ने 12 बोर के अवैध हथियार से गोली चला दी, जिससे नीलेश की मौके पर ही मौत हो गई।
मासूम बेटी के सामने हुई हत्या, लूट की झूठी कहानी से खुला राज
इस पूरी वारदात की सबसे दर्दनाक तस्वीर यह रही कि तीन साल की मासूम बेटी अपनी मां के साथ खड़ी होकर अपने पिता की हत्या होते देखती रही। उसे समझ ही नहीं आया कि आखिर उसके सामने क्या हो रहा है।
हत्या के बाद आरोपी पत्नी ने मामले को लूटपाट का रूप देने की कोशिश की और परिजनों को गुमराह किया। लेकिन पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ गई। Asit Yadav (एसपी) के मुताबिक, रूबी का अपने जीजा के छोटे भाई विशाल जाटव से पहले से प्रेम संबंध था, जो शादी के बाद भी जारी रहा।
नीलेश को इस रिश्ते की जानकारी हो गई थी और वह इसका विरोध करता था। इसी वजह से रूबी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमले में कितनी गोलियां चलाई गईं और इसमें कौन-कौन शामिल था।







