शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास मुर्गी दाने से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ऑटो पर पलट गया। इस भीषण हादसे में नवविवाहित दंपति समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, तेंदुआ थाना क्षेत्र के राजगढ़ गांव निवासी वीरेंद्र शाक्य (25) की शादी शुक्रवार को शिवपुरी की संजय कॉलोनी निवासी राजेश्वरी शाक्य के साथ हुई थी। परिवार की मौजूदगी में मंदिर में विवाह संपन्न होने के बाद अगले दिन सभी लोग खुशी-खुशी घर लौट रहे थे।
शनिवार को दूल्हा-दुल्हन के साथ दूल्हे की मां अन्वेश शाक्य (50), भाभी राजो शाक्य (22), बहन भूरिया शाक्य (19) और एक ड्राइवर ऑटो से राजगढ़ गांव के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान टोंगरा रोड पर पेट्रोल पंप के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया, जब खड़ा ऑटो ट्रक की चपेट में आ गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।







