मध्य-पूर्व में तनाव के बीच एक बेहद संवेदनशील और हाई-रिस्क सैन्य अभियान चलाया जा रहा है। अमेरिका अपने उस फाइटर जेट के पायलट की तलाश में जुटा है, जिसे कथित तौर पर ईरान के भीतर मार गिराया गया था। इस मिशन के लिए C-130 हरक्यूलिस जैसे भारी-भरकम सैन्य विमान का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो कम ऊंचाई पर उड़ान भरते हुए ऑपरेशन को अंजाम दे रहा है।
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में यह विमान ईरान के ऊपर बेहद नीचे उड़ते हुए फ्लेयर्स छोड़ता दिखाई दे रहा है। फ्लेयर्स का इस्तेमाल आमतौर पर मिसाइलों से बचाव के लिए किया जाता है। ये गर्म फ्लेयर्स दुश्मन की हीट-सीकिंग मिसाइलों को भ्रमित कर देते हैं, जिससे वे असली विमान की बजाय इन फ्लेयर्स को निशाना बना लेती हैं। इससे विमान को सुरक्षित निकलने का मौका मिल जाता है।
इजराइल का दावा- एक पायलट सुरक्षित, दूसरे की तलाश जारी
इस पूरे घटनाक्रम के बीच इजराइल के एक अधिकारी ने बड़ा दावा किया है। उनके मुताबिक, अमेरिकी जेट के एक पायलट को ईरान के अंदर से सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि दूसरे पायलट की तलाश अभी भी जारी है। हालांकि इस दावे की अभी तक किसी भी आधिकारिक स्रोत से पुष्टि नहीं की गई है, जिससे स्थिति और अधिक रहस्यमयी बनी हुई है।
इससे पहले ईरान ने दावा किया था कि उसने अमेरिका के अत्याधुनिक F-35 फाइटर जेट को मार गिराया है। वहीं, कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि गिराया गया विमान F-15E हो सकता है। इन विरोधाभासी दावों के बीच सच्चाई क्या है, यह अभी साफ नहीं हो पाया है, लेकिन इतना जरूर है कि यह घटनाक्रम क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा सकता है।







