देश में बढ़ती ईंधन चुनौतियों के बीच केंद्र सरकार ने एक अहम निर्णय लिया है। अब राशन की दुकानों के अलावा चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर भी केरोसिन उपलब्ध कराया जाएगा। इस फैसले के तहत सरकारी तेल कंपनियां तय किए गए पेट्रोल पंपों पर केरोसिन का भंडारण और वितरण कर सकेंगी, जिससे आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
सरकार के निर्देशानुसार, हर जिले में अधिकतम दो पेट्रोल पंपों को इस सुविधा के लिए चुना जाएगा। इन पंपों पर करीब 5 हजार लीटर तक केरोसिन रखा जा सकेगा, ताकि जरूरतमंद उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
मिडिल ईस्ट तनाव का असर, 60 दिनों के लिए PDS नियमों में ढील
सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली यानी PDS के नियमों में 60 दिनों के लिए ढील देने का भी फैसला लिया है। इसका उद्देश्य सप्लाई चेन को आसान बनाना और जरूरतमंद परिवारों तक केरोसिन की उपलब्धता को सुनिश्चित करना है।
दरअसल, मिडिल ईस्ट में जारी तनाव, खासकर अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष, का असर भारत पर भी देखने को मिल रहा है। इस वजह से गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। केंद्र सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और आम जनता को राहत देने के लिए ऐसे कदम उठा रही है।







