देशभर के वाहन चालकों के लिए 1 अप्रैल से हाईवे पर सफर करना महंगा होने जा रहा है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने टोल टैक्स दरों में 5 से 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का फैसला लिया है, जो हर साल की तरह इस बार भी लागू की जा रही है। इस फैसले का सीधा असर मध्य प्रदेश के जबलपुर से नागपुर, रायपुर, प्रयागराज और भोपाल जैसे प्रमुख रूट्स पर सफर करने वाले लोगों पर पड़ेगा। अब यात्रियों को हर टोल प्लाजा पर पहले से अधिक शुल्क चुकाना होगा।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, जबलपुर के आसपास के टोल प्लाजा पर कार चालकों के लिए 5 से 10 रुपए तक की बढ़ोतरी तय मानी जा रही है। इसके अलावा FASTag यूजर्स को भी झटका लग सकता है, क्योंकि करीब 3 हजार रुपए वाले एनुअल पास में लगभग 75 रुपए तक की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।
WPI के आधार पर तय होती हैं दरें, हर साल होता है संशोधन
टोल टैक्स की दरें मनमाने तरीके से तय नहीं की जातीं, बल्कि इसका निर्धारण Wholesale Price Index (WPI) के आधार पर होता है। हर साल के अंत में इस इंडेक्स का मूल्यांकन किया जाता है, जिसके बाद सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय नई दरें जारी करता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, यह बढ़ोतरी सड़क निर्माण और रखरखाव की लागत को संतुलित करने के लिए जरूरी मानी जाती है, लेकिन आम वाहन चालकों के लिए यह अतिरिक्त आर्थिक बोझ साबित हो सकती है। खासकर रोजाना लंबी दूरी तय करने वाले लोगों को इस बदलाव का सीधा असर महसूस होगा।







