इंदौर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक युवक को अवैध मादक पदार्थ “MD” के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 12.87 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1.30 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपी ने इस ड्रग्स को अपने दोपहिया वाहन की डिक्की में बेहद चालाकी से छुपा रखा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उसका यह प्रयास नाकाम रहा।
कार्रवाई गुलमर्ग कॉम्प्लेक्स, सपना संगीता क्षेत्र में की गई, जहां संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर युवक को दबोच लिया। तलाशी के दौरान एक्टिवा की डिक्की से पारदर्शी पन्नी में रखी एमडी ड्रग्स बरामद हुई। साथ ही एक मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन सहित कुल 2.50 लाख रुपए का मशरूका भी जब्त किया गया। आरोपी की पहचान मोहम्मद अजीम निवासी सदर बाजार, इंदौर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह सस्ते दामों में मादक पदार्थ खरीदकर शहर में नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचता था और इससे मोटा मुनाफा कमाता था। उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
क्राइम ब्रांच अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







