इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक गंभीर मामला सामने आया, जहां एक युवक को नाबालिग लड़की के साथ फ्लैट में संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा गया। स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हिंदूवादी कार्यकर्ता मयंक तोमर को सूचना मिली थी कि एक युवक फर्जी नाम से एक हिंदू लड़की के साथ रह रहा है। सूचना मिलते ही वह अपने साथी अंकित तिवारी के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान युवक ने पहले अपना नाम मनोज बताया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपनी असली पहचान जोयब खान के रूप में बताई। स्थानीय लोगों का दावा है कि युवक के मोबाइल फोन की जांच में 8-10 युवतियों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी मिले हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि नाबालिग लड़की नर्मदापुरम से लापता थी। इस सूचना के बाद नर्मदापुरम पुलिस को तुरंत सूचित किया गया, जिसके बाद वहां से एक टीम इंदौर के लिए रवाना हो चुकी है।
घटना के बाद देर रात तक थाने में हंगामे की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों ने युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड सहित अन्य पहलुओं को खंगाला जा रहा है।







