मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बुधवार से प्रदेश में एक मजबूत सिस्टम सक्रिय हो गया है, जिसके चलते अगले चार दिनों तक मौसम बदला हुआ रहेगा। जहां एक ओर लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं कई इलाकों में आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, ग्वालियर सहित 13 जिलों में बुधवार के लिए अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में भी 21 मार्च तक मौसम में बदलाव के संकेत हैं। कहीं तेज हवाएं चल सकती हैं तो कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ बना वजह, वैज्ञानिकों ने दी जानकारी
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर अब मध्य प्रदेश में भी दिखाई देने लगा है। यही सिस्टम प्रदेश में बारिश और आंधी की स्थिति बना रहा है।
उन्होंने बताया कि 19 से 21 मार्च के बीच कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। साथ ही बादल छाने, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और बदलते मौसम के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी है।







