बीना शहर के खुरई ओवरब्रिज पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने टहल रहे दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में गुलाब चंद जैन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज गति से आ रही थी और अचानक पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार चालक की तलाश तेज कर दी है। घटना से नाराज जैन समाज और मृतक के परिजनों ने सर्वोदय चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी मृतक गुलाब चंद जैन की अर्थी लेकर चौराहे पर पहुंचे और वहीं रखकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ समय के लिए शहर का यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
जैन समाज के दिनेश पुजारी ने बताया कि खुरई ओवरब्रिज पर पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ की व्यवस्था नहीं है और भारी वाहनों के आवागमन पर भी कोई नियंत्रण नहीं है। इसी वजह से यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि ओवरब्रिज पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए। साथ ही उन्होंने दुर्घटना के जिम्मेदार कार चालक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की भी मांग की।







