भोपाल में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई में आई कमी ने कैटरिंग कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। शहर के कैटरर्स का कहना है कि हालात इमरजेंसी जैसे बन गए हैं, क्योंकि गैस सिलेंडर अनिवार्य वस्तुओं की श्रेणी में आता है और इसके बिना शादी-ब्याह जैसे बड़े आयोजनों में खाना बनाना संभव नहीं है।
कैटरर रामबाबू शर्मा के मुताबिक एक शादी समारोह में अगर करीब 500 मेहमान होते हैं तो खाना बनाने के लिए लगभग 10 कमर्शियल सिलेंडर की जरूरत पड़ती है। फिलहाल उनके पास सिर्फ एक शादी के लिए ही सिलेंडर का स्टॉक बचा है, जबकि आगे की चार बुकिंग को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। उनका कहना है कि अगर जल्द सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में कई शादियों के आयोजन प्रभावित हो सकते हैं।
भोपाल में करीब एक हजार कैटरर्स काम कर रहे हैं और लगभग सभी इस संकट से जूझ रहे हैं। शादी के सीजन में पहले से ही कई महीनों पहले बुकिंग हो चुकी है, ऐसे में गैस सिलेंडर की कमी ने कारोबारियों की परेशानी बढ़ा दी है।
फेडरेशन ऑफ एमपी टेंट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रिंकू भटेजा का कहना है कि पिछले दो महीनों से कमर्शियल सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। पहले से ही बढ़ती महंगाई का दबाव था, और अब सप्लाई की समस्या ने स्थिति और मुश्किल बना दी है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही सिलेंडर की उपलब्धता नहीं सुधरी तो शादी-पार्टी के आयोजनों पर सीधा असर पड़ेगा और कैटरिंग कारोबार को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है।







