इंदौर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त एक महिला को धर-दबोचा। आरोपी सोनाली सिंह, जो पहले भी 6 किलो गांजे के साथ पकड़ी जा चुकी थी और वर्तमान में जमानत पर थी, अब फिर से कानून के शिकंजे में फंस गई। क्राइम ब्रांच की तेज़ कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से करीब 8 किलो 313 ग्राम गांजा, एक आईफोन मोबाइल और एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग ₹2,00,000/- आंकी गई है, जबकि कुल जप्त माल का मूल्य ₹3,50,000/- के करीब है।
घटना देवास-इंदौर बायपास रोड, डागरिया फार्म हाउस के पास, निपानिया इंदौर में हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला संदिग्ध गतिविधियों के दौरान स्कूटी पर बोरी छुपाए देखी गई। जैसे ही उसने पुलिस को देखा, घबराहट जाहिर की, जिससे पुलिस की शंका और पुख्ता हो गई। तलाशी में भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने पूछताछ में आरोपी से खुलासा कराया कि वह सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर इंदौर शहर में नशे के आदि लोगों को महंगे दामों पर बेचती थी। ये वही महिला है जिसे पहले भी गांजा तस्करी में पकड़ा गया था, लेकिन जमानत के चलते कानून के शिकंजे से बच गई।
क्राइम ब्रांच ने आरोपी के विरुद्ध थाना अपराध शाखा, अपराध क्रमांक 30/2026, धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इंदौर पुलिस की सख्ती और सतर्कता इस बात का सबूत है कि किसी को भी अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शहर में हाथ डालने की छूट नहीं दी जाएगी।







