इंदौर, महू। एक कराटे क्लास के युवक ने युवती को केवल दोस्ती के नाम पर फंसाया, शादी का झूठा वादा करके शारीरिक संबंध बनाए और अब वह सब खुलासा हो रहा है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने नाम बदलकर परिचय दिया, धमकाया, धर्म परिवर्तन का दबाव डाला और सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो वायरल कर उसकी इज्जत दाव पर लगा दी।
युवती ने बताया कि साल 2020 में अंबेडकर विश्वविद्यालय के दौरान शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे घातक चाल में बदल गई। 14 जनवरी 2024 को, घर में कोई मौजूद नहीं था, तभी आरोपी घर पहुंचा और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह इसी जाल में कई बार फंसाने का प्रयास करता रहा। बेल्ट ग्रेडिंग के दौरान असली नाम “जावेद अख्तर” उजागर होने के बाद मामला और खतरनाक हो गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने कहा, “मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता, जैसा कहूं वैसा करो, नहीं तो बर्बाद कर दूंगा।”
जब युवती ने दूरी बनानी चाही, तो आरोपी ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर फोटो एडिट की और अश्लील तस्वीरें अपलोड कर दीं। यह फोटो रिश्तेदारों को भी भेजे गए, जिससे उसकी सामाजिक छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा।
26 फरवरी 2026 को हनुमान मंदिर के पास आरोपी ने युवती का हाथ पकड़कर जबरन ले जाने की कोशिश की और कहा कि वह उसे “मुस्लिम बनाकर रखेगा।” बीच-बचाव करने वाले अनिमेश चौरसिया को भी आरोपी ने गालियां दी और जान से मारने की धमकी दी।
जिला संयोजक शुभम सिंह ठाकुर ने कहा, “ऐसे अपराधों पर प्रशासन को शून्य सहनशीलता दिखानी चाहिए। आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर कठोर धाराओं में मामला दर्ज किया जाना चाहिए।” पुलिस ने देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और सोशल मीडिया अकाउंट एवं मोबाइल डेटा की जांच शुरू कर दी है।







