होली का रंग चढ़ने से पहले ही शहर में मिलावटखोरों की सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई है। त्योहार के नाम पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर प्रशासन ने ऐसा शिकंजा कसा है कि कई प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया। बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ औचक निरीक्षण कर 38 खाद्य नमूने जब्त किए। डेयरी, नमकीन और मिठाई की दुकानों पर छापे पड़ते ही कई दुकानदारों के चेहरों का रंग उड़ गया।
जिन हाथों से मिठाई परोसने का दावा किया जा रहा था, उन्हीं हाथों से मिलावट का खेल भी चल रहा है ऐसी आशंका के बीच अधिकारियों ने बिना किसी पूर्व सूचना के दबिश दी। हर नमूना अब राज्य खाद्य प्रयोगशाला की कसौटी पर कसा जाएगा। रिपोर्ट आते ही असली खेल सामने आएगा और फिर कानून अपना रंग दिखाएगा।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि त्योहार के नाम पर मिलावट का धंधा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कलेक्टर वर्मा के सख्त निर्देश हैं कि होली तक यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। ज्यादा से ज्यादा प्रतिष्ठानों की जांच होगी, ज्यादा से ज्यादा नमूने उठाए जाएंगे। संदेश बिल्कुल साफ है या तो शुद्धता परोसिए, या फिर कार्रवाई झेलने के लिए तैयार रहिए। इस बार होली पर रंग ही नहीं, कानून का डंडा भी चढ़कर बोलेगा।







