मंदसौर। बुधवार रात शहर के गांधी चौराहे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब शादी समारोह की बिंदौली के दौरान तेज आवाज में बज रहे साउंड सिस्टम और नगाड़ों की धुन के बीच मां-बेटी समेत तीन लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। चक्कर आने से तीनों सड़क पर गिर पड़ीं, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार बालागंज धनगर मोहल्ले से निकली बिंदौली शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए वापस विवाह स्थल की ओर लौट रही थी। रात करीब 11 बजे बालागंज क्षेत्र में साउंड सिस्टम की तेज आवाज और उज्जैन से आए नगाड़ों की गूंज के बीच 17 वर्षीय अलका पुत्री विनोद सोलंकी, उसकी मां बीना पत्नी विनोद सोलंकी तथा एक अन्य बालिका को अचानक घबराहट और चक्कर आने लगे। देखते ही देखते तीनों संतुलन खो बैठीं और सड़क पर गिर गईं।
घटना से परिजन और बारात में शामिल लोग घबरा गए। तुरंत तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार अलका की स्थिति को देखते हुए उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया, जबकि बीना और दूसरी बालिका को प्राथमिक उपचार के बाद जनरल वार्ड में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों का कहना है कि तेज ध्वनि और भीड़भाड़ के कारण घबराहट व असहजता की स्थिति बनी हो सकती है।
घटना के बाद क्षेत्र में देर तक चर्चा का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने देर रात तेज ध्वनि में बजते साउंड सिस्टम पर नियंत्रण की आवश्यकता बताई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।







