भोपाल के कोहेफिजा इलाके से मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई, जिसने न सिर्फ गांधी मेडिकल कॉलेज बल्कि पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। कॉलेज की 20 वर्षीय एमबीबीएस छात्रा रोशनी का शव उसके किराए के मकान के बाथरूम में संदिग्ध हालात में मिला। घटनास्थल पर एसिड की बोतल मिलने के बाद मामले ने गंभीर और रहस्यमय मोड़ ले लिया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक रोशनी मूल रूप से अलीराजपुर की रहने वाली थी और उसने इसी वर्ष गांधी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में प्रवेश लिया था। उसके साथ रहने वाली रूम पार्टनर वैष्णवी ने पुलिस को बताया कि रोशनी बीते कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थी। सोमवार देर रात तक दोनों के बीच बातचीत हुई थी और रोशनी काफी देर तक जागती रही, लेकिन सुबह उसका इस तरह शव मिलना सभी के लिए चौंकाने वाला था।
घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है चाहे वह पढ़ाई का दबाव हो, व्यक्तिगत कारण हों या कोई अन्य एंगल। छात्रा के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके भोपाल पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद मेडिकल कॉलेज के छात्रों में गहरा शोक और भय का माहौल है। एक होनहार छात्रा की अचानक मौत ने एक बार फिर पढ़ाई के दबाव और मानसिक स्वास्थ्य जैसे गंभीर मुद्दों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही इस रहस्य से पर्दा उठ पाएगा कि आखिर रोशनी की मौत के पीछे की सच्चाई क्या है।







