मुंबई के जुहू इलाके में शनिवार देर रात वो हुआ, जिसने पूरी फिल्म इंडस्ट्री और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने चार राउंड फायरिंग की। रात करीब 3 बजे गोलियों की आवाज़ से इलाका दहल उठा।
सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं। जुहू, जहां एक के बाद एक कई बॉलीवुड सितारों के घर हैं, वहां अचानक सुरक्षा बढ़ा दी गई। हर आने-जाने वाले पर नज़र रखी जा रही है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल अब भी कायम है निशाना रोहित शेट्टी ही थे या यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा?
पुलिस का कहना है कि हमलावर कौन थे और उनका मकसद क्या था, इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, हर एंगल से जांच जारी है, लेकिन अब तक किसी ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
सेलिब्रिटीज पर बढ़ता खतरा? कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग से जुड़ते तार
रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना ने एक बार फिर पुराने मामलों की याद दिला दी है। 16 अक्टूबर 2025 को कॉमेडियन और एक्टर कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर तीसरी बार फायरिंग हुई थी। इससे पहले जुलाई, अगस्त और अक्टूबर में भी उनके कैफे को निशाना बनाया जा चुका है।
उन मामलों में लॉरेंस गैंग ने जिम्मेदारी ली थी और कपिल शर्मा को लगातार धमकियां मिलने की बात भी सामने आई थी। अब सवाल यह है कि क्या मुंबई की ताज़ा घटना का कोई कनेक्शन इन पुराने मामलों से है, या फिर यह किसी नए खतरे की आहट है?
फिलहाल, मुंबई पुलिस हर संभावना को खुला रखकर जांच कर रही है। शहर की रातें शांत हैं, लेकिन इस खामोशी के पीछे छिपा सच क्या है—यह आने वाले दिनों में सामने आएगा।







