सुरक्षा घेरा बना ढाल, संभलते ही फिर थामी लगाम
उज्जैन। राहगीरी आनंदोत्सव के दौरान उस समय कुछ क्षणों के लिए अफरा-तफरी मच गई, जब घुड़सवारी कर रहे मुख्यमंत्री का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर पड़े। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं, लेकिन हालात ज्यादा देर तक तनावपूर्ण नहीं रहे।
घटना के तुरंत बाद तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तेजी से मोर्चा संभाला और मुख्यमंत्री को सुरक्षित उठाया। कुछ ही पलों में स्थिति सामान्य हो गई। गिरने के बावजूद मुख्यमंत्री ने साहस और संयम का परिचय दिया। खुद को संभालने के बाद उन्होंने दोबारा घोड़े पर सवार होकर घुड़सवारी की, जिससे मौजूद भीड़ ने तालियों और जयकारों से उनका हौसला बढ़ाया।
इस घटनाक्रम ने जहां एक पल के लिए चिंता बढ़ा दी थी, वहीं मुख्यमंत्री का आत्मविश्वास और सुरक्षा व्यवस्था की सतर्कता चर्चा का विषय बन गई। राहगीरी आनंदोत्सव इसके बाद भी उत्साह और उमंग के साथ आगे बढ़ता रहा।








