
नॉमिनेशन में एक ही नाम, सत्ता और संगठन की पूरी ताकत नितिन नबीन के साथ
दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय से आज एक बड़ा राजनीतिक संदेश सामने आने वाला है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन अब भारतीय जनता पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। सोमवार को हुई नामांकन प्रक्रिया में इस पद के लिए केवल एक ही नाम सामने आया नितिन नबीन।
45 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के इतिहास में सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। इससे पहले यह रिकॉर्ड अमित शाह के नाम था, जो 49 साल की उम्र में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने साफ किया कि नितिन नबीन के समर्थन में कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए। सभी नामांकन पत्रों की जांच की गई और एक भी आपत्ति सामने नहीं आई। इसका मतलब साफ है आज औपचारिक ऐलान के साथ नितिन नबीन का नाम पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में दर्ज हो जाएगा।
दिल्ली में हुए इस राजनीतिक घटनाक्रम के दौरान पार्टी की पूरी ताकत एक मंच पर दिखाई दी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, नितिन गडकरी सहित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं ने नितिन नबीन के समर्थन में नामांकन पत्र जमा किए।
गौरतलब है कि भाजपा ने 16 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी की थी, जबकि नितिन नबीन को 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
अब सबकी नजरें आज होने वाले औपचारिक ऐलान पर टिकी हैं, जहां संगठन की कमान एक युवा चेहरे के हाथों में सौंपी जाएगी जो आने वाले चुनावी और संगठनात्मक फैसलों की दिशा तय करेगा।







