इंदौर में रविवार को होने वाले बड़े मुकाबले को लेकर माहौल पूरी तरह गरमा चुका है। भारतीय और न्यूजीलैंड की टीमें इंदौर पहुंच चुकी हैं और शहर में क्रिकेट का खुमार साफ नजर आने लगा है। मैदान पर रणनीति बनाने से पहले भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने आध्यात्मिक राह चुनी और शुक्रवार को आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर पहुंचे।
मंदिर परिसर में गौतम गंभीर ने विधिवत हवन-अनुष्ठान में भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने माता से आशीर्वाद लिया और कुछ समय गर्भगृह में शांत भाव से बिताया। मुख्य पुजारी दिनेश गुरु ने उन्हें मां की चुनरी ओढ़ाकर विशेष पूजन संपन्न कराया। माना जा रहा है कि अहम मुकाबले से पहले यह आध्यात्मिक दौरा टीम के मनोबल को नई ऊर्जा देगा।
वहीं दूसरी ओर इंदौर में क्रिकेट की तैयारियां भी अपने चरम पर हैं। भारतीय और न्यूजीलैंड की टीमें मैदान में जमकर पसीना बहा रही हैं। खिलाड़ियों की हर गतिविधि पर फैंस की नजर टिकी हुई है। अब सबकी निगाहें रविवार पर हैं, जब मैदान में आस्था, अभ्यास और आक्रामक क्रिकेट का जबरदस्त संगम देखने को मिलेगा।







