भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले बेहद अहम क्रिकेट मुकाबले से पहले भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल ने आध्यात्मिक मार्ग चुना। शुक्रवार सुबह राहुल विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेकर टीम की सफलता और अपनी शानदार फॉर्म के लिए प्रार्थना की।
मंदिर परिसर में केएल राहुल पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आए। पारंपरिक वेशभूषा में सजे राहुल के कंधे पर केसरिया दुपट्टा था, जो उनकी श्रद्धा को और गहराई दे रहा था। उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर लंबे समय तक भगवान महाकाल का जाप किया।
शास्त्रों में मान्यता है कि नंदी जी के कान में कही गई मनोकामना सीधे भगवान शिव तक पहुंचती है। इसी परंपरा का पालन करते हुए राहुल ने नंदी जी के कान में अपनी इच्छा प्रकट की और उन्हें जल अर्पित किया। इस दौरान मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं की नजरें भी इस खास पल पर टिकी रहीं।
वर्तमान नियमों के अनुसार केएल राहुल ने गर्भगृह की देहरी से ही भगवान महाकाल के दर्शन किए और विधिवत पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद मंदिर प्रबंध समिति की उप प्रशासक सिम्मी यादव ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
अब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें रविवार के मुकाबले पर टिकी हैं, जहां महाकाल का आशीर्वाद और राहुल का बल्ला दोनों ही टीम इंडिया के लिए निर्णायक साबित हो सकते हैं।







