इंदौर के सुपर कॉरिडोर पर मेट्रो सेवा 15 जनवरी से 25 जनवरी तक पूरी तरह बंद रहेगी। मेट्रो प्रशासन ने यह फैसला गांधीनगर से रेडिसन चौराहे तक चल रहे तकनीकी परीक्षण और विभिन्न सिस्टम को आपस में जोड़ने के कार्य को ध्यान में रखते हुए लिया है। इस दौरान पूरे कॉरिडोर पर मेगा ब्लॉक रहेगा, ताकि कार्य सुरक्षित और तय समय में पूरा किया जा सके।
एमपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) के अधिकारियों के अनुसार, मार्च महीने तक प्राथमिक कॉरिडोर पर मेट्रो का नियमित संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में अब सभी 16 स्टेशनों पर ट्रायल रन की तैयारी तेज कर दी गई है। सिग्नलिंग और टेलीकम्युनिकेशन (S&T) से जुड़े कार्य अंतिम चरण में हैं।
अधिकारियों ने बताया कि चालू मेट्रो सेक्शन को शेष हिस्सों से जोड़ने के लिए व्यापक तकनीकी परीक्षण जरूरी हैं। इनमें सिग्नल सिस्टम, टेलीकम्युनिकेशन नेटवर्क, सुरक्षा उपकरण और कंट्रोल सिस्टम का समन्वय शामिल है। इन सभी प्रणालियों को एकसाथ जांचने और जोड़ने के लिए मेट्रो संचालन को अस्थायी रूप से बंद किया गया है।
गौरतलब है कि 11 जनवरी से मेट्रो पहले ही सीमित रूप से संचालित की जा रही थी। कम यात्री संख्या के कारण दिन में सिर्फ एक फेरा लगाया जा रहा था। दोपहर 3 बजे मेट्रो गांधीनगर स्टेशन से रवाना होकर 3:25 बजे सुपर कॉरिडोर स्टेशन नंबर-3 से वापस लौटती थी। अब मेगा ब्लॉक के दौरान पूरे सुपर कॉरिडोर पर गहन परीक्षण किए जाएंगे, जिससे आगामी महीनों में यात्रियों को सुरक्षित, सुचारु और आधुनिक मेट्रो सेवा उपलब्ध कराई जा सके।







