आज 12 जनवरी को सर्राफा बाजार में ऐसा तूफान आया कि पुराने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक 24 कैरेट सोने की कीमत में एक ही दिन में 2,883 रुपये की जबरदस्त छलांग लगी है। इसके साथ ही 10 ग्राम सोना 1,40,005 रुपये के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया।
कल तक जो सोना 1,37,122 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था, उसने आज नया इतिहास रच दिया। इससे पहले 29 दिसंबर 2025 को 1,38,161 रुपये का स्तर ऑल टाइम हाई माना जा रहा था, लेकिन आज सोने ने उस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। बाजार में हलचल है, निवेशक हैरान हैं और आम खरीदार सोच में पड़ गया है क्या यह रफ्तार यहीं थमेगी या अभी और चढ़ान बाकी है?
सोने के साथ-साथ चांदी ने भी आज बाजार में सनसनी मचा दी। एक किलो चांदी की कीमत में 14,475 रुपये का उछाल दर्ज किया गया है, जिससे इसका भाव सीधे 2,57,283 रुपये प्रति किलो पहुंच गया।
कल तक चांदी 2,42,808 रुपये किलो बिक रही थी, लेकिन आज इसकी चमक और तेज हो गई। इससे पहले 7 जनवरी को 2,48,000 रुपये प्रति किलो का स्तर ऑल टाइम हाई था, जिसे चांदी ने आज चूर-चूर कर दिया।
बाजार जानकारों का मानना है कि वैश्विक अनिश्चितता और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग ने कीमती धातुओं को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है। अब बड़ा सवाल यही है, क्या यह तेजी निवेश का सुनहरा मौका है या आने वाले उतार-चढ़ाव का संकेत?







