सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने अपने AI चैटबॉट Grok के गलत इस्तेमाल पर कड़ा रुख अपनाया है। कंपनी ने साफ कर दिया है कि Grok के जरिए बनाया गया कोई भी अश्लील या आपत्तिजनक कंटेंट अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे कंटेंट को तुरंत हटाया जाएगा और नियम तोड़ने वाले यूजर्स पर सख्त कार्रवाई होगी।
X के मुताबिक, अगर कोई यूजर Grok का इस्तेमाल कर आपत्तिजनक या अवैध कंटेंट बनाता है, तो उसके खिलाफ वही कार्रवाई की जाएगी जो सीधे अवैध कंटेंट पोस्ट करने पर होती है। यानी ऐसे मामलों में यूजर का अकाउंट स्थायी रूप से बैन किया जा सकता है।
यह फैसला भारत सरकार की सख्त आपत्ति के बाद लिया गया है। केंद्र सरकार ने 2 जनवरी को X को निर्देश दिया था कि Grok के जरिए बनाए जा रहे अश्लील और फूहड़ कंटेंट को तुरंत हटाया जाए, वरना कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मुद्दे को सबसे पहले शिवसेना (UBT) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने उठाया था। उन्होंने आईटी मंत्री को पत्र लिखकर चिंता जताई थी कि कुछ लोग AI की मदद से महिलाओं की असली तस्वीरों को आपत्तिजनक रूप में बदल रहे हैं। उन्होंने इसे गंभीर सामाजिक और कानूनी समस्या बताते हुए तत्काल कदम उठाने की मांग की थी।
अब X के नए नियमों के बाद माना जा रहा है कि AI के दुरुपयोग पर लगाम लगेगी और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ेगी।







