मध्यप्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में रविवार को बड़ा कदम उठाया गया। भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चार नई सीधी हवाई सेवाओं का शुभारंभ किया। अब भोपाल से रीवा और पटना, जबकि रीवा और जबलपुर से कोलकाता के लिए सीधी उड़ान की सुविधा शुरू हो गई है।
इस मौके पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भोपाल-रीवा हवाई सेवा शुरू होना लंबे समय से प्रतीक्षित था। उन्होंने अपने पुराने प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि जब वे पर्यटन निगम के अध्यक्ष थे, तब भी इस सेवा को शुरू करने की कोशिश की गई थी।
अब नियमित उड़ान शुरू होने से विंध्य क्षेत्र को राजधानी भोपाल से सीधा हवाई संपर्क मिल गया है। इससे कारोबार, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के लिहाज से भी नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
नई उड़ानों की सबसे खास बात किराए को लेकर है। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के मुताबिक, रीवा से भोपाल की हवाई यात्रा करीब 2700 रुपए से शुरू होगी, जबकि किराया अधिकतम 3500 रुपए तक सीमित रखने की व्यवस्था की गई है। वहीं रीवा से कोलकाता का किराया करीब 3700 रुपए से शुरू होकर लगभग 5000 रुपए तक कैप रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हवाई यात्रा अब केवल लग्जरी नहीं रह गई है, बल्कि आम लोगों की पहुंच में भी आ रही है। नई सीधी उड़ानों से मध्यप्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के बीच दूरी कम होगी और प्रदेश की एयर कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिलेगी।
यानी अब रीवा से भोपाल और कोलकाता पहुंचना हो या जबलपुर से कोलकाता का सफर करना हो, यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। यह सुविधा मध्यप्रदेश के एयर नेटवर्क के विस्तार में एक अहम कदम मानी जा रही है।







