शहडोल जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। शहडोल-रीवा हाईवे पर जोरा पुलिया के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में भाजपा युवा मोर्चा के करकी मंडल अध्यक्ष राहुल द्विवेदी और उनके साथी अतुल तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक टिहकी गांव के रहने वाले थे और झिरिया गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद देर रात घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
तेज रफ्तार वाहन बना काल, पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस आरोपी वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।







